वायरल वीडियो ने दिखाई नगर निगम को चेतावनी की तस्वीर
प्रथम टुडे, जबलपुर | सच की बात सब के साथ
इन दिनों सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है जिसे देखकर किसी का भी मन विचलित हो सकता है। वीडियो में एक बुजुर्ग व्यक्ति पर सांड और गाय के हमले की दर्दनाक घटना दिखाई गई है। हालांकि यह वीडियो किस शहर का है, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन इसके दृश्य इतने भयावह हैं कि जबलपुर नगर निगम को इससे जरूर सबक लेना चाहिए।
वीडियो में देखा जा सकता है कि जैसे ही एक बुजुर्ग अपनी बाइक से उतरता है, उस पर अचानक एक सांड और एक गाय हमला कर देते हैं। बुजुर्ग ज़मीन पर गिर जाता है लेकिन दोनों जानवर उस पर लगातार वार करते रहते हैं। आसपास की एक महिला उसे बचाने की कोशिश करती है लेकिन जानवरों की आक्रामकता कम नहीं होती। इसके बाद भीड़ इकट्ठा होकर सांड और गाय को भगाने की कोशिश करती है और बड़ी मुश्किल से बुजुर्ग को घायल अवस्था में बचाया जाता है। मगर यह यहीं नहीं रुकता—बचाव करने वाला व्यक्ति भी दोनों जानवरों के हमले का शिकार बन जाता है
यह घटना चाहे जिस भी शहर की हो, लेकिन इसका संदेश स्पष्ट है—यदि जबलपुर में भी इसी तरह की घटना होती है तो नगर निगम की लापरवाही पर सवाल खड़े होना तय है।
जबलपुर की गलियों में भी आवारा पशुओं का कब्जा
जबलपुर शहर की हालत भी इससे अलग नहीं है। हर गली, चौराहे और मुख्य मार्गों पर आवारा पशुओं के झुंड देखे जा सकते हैं। ट्रैफिक में बाधा से लेकर सड़क दुर्घटनाओं तक, ये पशु गंभीर समस्याओं का कारण बनते हैं।
निगम द्वारा गठित ‘हांका गैंग’ अब शायद नाम मात्र की ही रह गई है। आवारा पशु पकड़ने वाली कटर्ल वैन का भी कोई अता-पता नहीं है। सवाल यह है कि क्या नगर निगम को किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार है?
नगर निगम प्रशासन की नींद कब खुलेगी?
हर बार की तरह जब कोई घटना घट जाती है, तब नेताओं और अफसरों की सक्रियता बढ़ती है और बयानबाज़ी का दौर शुरू होता है। लेकिन सवाल यह है कि क्या अब भी प्रशासन को चेतावनी नहीं मिल रही?
प्रथम टुडे नगर निगम प्रशासन से अपील करता है कि वायरल वीडियो को केवल एक घटना के रूप में न देखकर उसे एक संकेत के रूप में लें। आज नहीं तो कल, जबलपुर भी ऐसी किसी दर्दनाक दुर्घटना का गवाह बन सकता है, यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए।

No comments:
Post a Comment