पहले भी भड़काऊ पोस्ट और अवैध फीस वसूली को लेकर रह चुके हैं विवादों में; अब बहू ने दर्ज कराई FIR
प्रथम टुडे विशेष रिपोर्ट | जबलपुर
जबलपुर के चर्चित जाय स्कूल के संचालक अखिलेश मेबन एक बार फिर विवादों के केंद्र में हैं। इस बार उन पर उनकी ही बहू ने गंभीर आरोप लगाए हैं। बहू का आरोप है कि पति और सास के साथ मिलकर उस पर जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव डाला जा रहा था और बीते दो वर्षों से उसे शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अखिलेश मेबन, उनके बेटे तनय मेबन और पत्नी नीलू मेबन को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों के विरुद्ध मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 2021 के तहत केस दर्ज किया गया है।
महिला थाना प्रभारी ने की पुष्टि
महिला थाना प्रभारी भुवनेश्वरी चौहान ने प्रथम टुडे को बताया कि पीड़िता की शिकायत पर जांच की गई, जिसमें प्रताड़ना, जबरन धर्मांतरण का दबाव और मारपीट की बात सामने आई। FIR दर्ज कर पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
धर्मांतरण का बना रहे थे दबाव, शादी के बाद बदला व्यवहार
पीड़िता, जो मूलतः हिंदू धर्म से संबंधित है, का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही उस पर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव डाला जाने लगा। जब उसने इसका विरोध किया तो उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, शारीरिक रूप से भी हिंसा की गई और कई बार मायके जाने से रोका गया।
पहले भी विवादों में रहे हैं अखिलेश मेबन
अखिलेश मेबन का नाम पहले भी कई विवादों से जुड़ा रहा है।
- धार्मिक भावना भड़काने का मामला: वर्ष 2023 में सोशल मीडिया पर धार्मिक भावना भड़काने वाली पोस्ट को लेकर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। तब उन्हें चेन्नई से गिरफ्तार कर जबलपुर लाया गया था।
- अवैध फीस वसूली का आरोप: जाय स्कूल में अवैध रूप से फीस वसूली की शिकायतें भी सामने आ चुकी हैं, जिन पर जांच चल रही है।
- उक्त सभी मामलों में वह जमानत पर चल रहे थे। अब एक बार फिर गिरफ्तारी के चलते उनकी छवि पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
शहर में चर्चा का विषय बना मामला
जबलपुर में शिक्षा और धर्म के नाम पर बढ़ती गतिविधियों को लेकर यह मामला एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है। सामाजिक संगठनों और अभिभावकों में भी इस प्रकरण को लेकर नाराजगी देखी जा रही है।
No comments:
Post a Comment