निसर्ग रिसॉर्ट हादसा: पूर्व तहसीलदार विवेक त्रिपाठी को नहीं मिली राहत, जमानत पर सुनवाई अब 1 जून को - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Saturday, May 30, 2026

निसर्ग रिसॉर्ट हादसा: पूर्व तहसीलदार विवेक त्रिपाठी को नहीं मिली राहत, जमानत पर सुनवाई अब 1 जून को

 


जबलपुर। निसर्ग रिसॉर्ट के स्विमिंग पूल में करंट लगने से युवक की मौत के मामले में गिरफ्तार पूर्व तहसीलदार एवं होटल व्यवसायी विवेक त्रिपाठी की मुश्किलें फिलहाल कम होती नजर नहीं आ रही हैं। जिला न्यायालय में दायर उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान कोई निर्णय नहीं हो सका, जिसके बाद अदालत ने अगली सुनवाई की तारीख 1 जून निर्धारित की है। इसके चलते विवेक त्रिपाठी को अभी न्यायिक हिरासत में ही रहना पड़ेगा। गौरतलब है कि चर्चित निसर्ग रिसॉर्ट हादसे के बाद बरेला पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था।

स्विमिंग पूल में करंट लगने से गई थी युवक की जान

पुलिस जांच के अनुसार 24 मई को रांझी निवासी 20 वर्षीय साजन विश्वकर्मा अपने दोस्तों के साथ बरेला स्थित निसर्ग रिसॉर्ट पहुंचा था। बताया गया है कि स्विमिंग पूल के पास लगे लोहे के पाइप में विद्युत प्रवाह था, जो खुले और क्षतिग्रस्त बिजली तारों के संपर्क में आने के कारण फैल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जैसे ही साजन ने पाइप को छुआ, उसे जोरदार करंट लगा और वह अचेत होकर गिर पड़ा। साथी उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

एफआईआर में मालिक, मैनेजर और कर्मचारी आरोपी

मामले की जांच के दौरान पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मर्ग जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर पुलिस ने रिसॉर्ट संचालक विवेक त्रिपाठी, मैनेजर मनीष पटेल और कर्मचारी नीलेश कुमार कुर्मी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 एवं 106(1) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया सुरक्षा संबंधी गंभीर लापरवाही सामने आई है।

पुराने मामलों की भी हो रही चर्चा

निसर्ग रिसॉर्ट हादसे के बाद विवेक त्रिपाठी से जुड़े अन्य व्यावसायिक और राजस्व मामलों को लेकर भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। स्थानीय स्तर पर उनका नाम अन्य होटल एवं रिसॉर्ट परियोजनाओं से भी जुड़ा बताया जाता रहा है। सूत्रों की मानें तो प्रशासनिक स्तर पर जमीन और राजस्व संबंधी पुराने मामलों की जानकारी भी खंगाली जा रही है। हालांकि अभी तक किसी नई जांच या कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इस पूरे घटनाक्रम के बाद संबंधित विभागों की नजरें विवेक त्रिपाठी से जुड़े विभिन्न मामलों पर बनी हुई हैं।

बढ़ता जा रहा है मामला, 1 जून पर टिकी निगाहें

युवक की मौत के बाद यह मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। अब सभी की निगाहें 1 जून को होने वाली सुनवाई पर टिकी हैं, जहां अदालत विवेक त्रिपाठी की जमानत याचिका पर महत्वपूर्ण फैसला सुना सकती है।

No comments:

Post a Comment